CG — शटर तोड़कर दुकान साफ, फिर स्कूटी लेकर हुआ फरार… 48 घंटे में कांकेर पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा


कांकेर 15 जुलाई 2026:— कांकेर पुलिस ने किराना दुकान में चोरी और स्कूटी चोरी के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 13 जुलाई को राजा ठाकुर ने थाना कांकेर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात चोर ने उनकी किराना दुकान का शटर तोड़कर गुटखा, सिगरेट, खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर दुकान के सामने खड़ी स्कूटी भी अपने साथ ले गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर थाना कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, साइबर तकनीक और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने कोंडागांव निवासी सुखराम मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के सामने उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी से पहले उसने शिकायतकर्ता के घर की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी। इसके बाद लोहे की रॉड से दुकान का ताला और शटर तोड़कर अंदर घुसा। वहां से गुटखा, सिगरेट, तेल सहित अन्य सामान चोरी किया और दुकान में रखी चाबी से स्कूटी लेकर जंगल में छिपा दी। चोरी का सामान भी अलग-अलग जगह छिपाकर बाद में बेचने की योजना बनाई थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की स्कूटी सीजी 19 बीटी 5261, गुटखा के पैकेट, सिगरेट, रिफाइंड तेल सहित अन्य सामान बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Live Cricket Info







