CG — नशे में धुत युवक 50 फीट ऊंचे हाई टेंशन टॉवर पर चढ़ा, एक घंटे तक चलता रहा हाई वोल्टेज ड्रामा, इलाके में मचा हड़कंप,



धमतरी 23 मई 2026:— जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेंडरा में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अचानक करीब 50 फीट ऊंचे हाई टेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था और काफी देर तक टॉवर के ऊपर चढ़कर ड्रामा करता रहा। करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक वह टॉवर के ऊपर बैठा रहा, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रही। ग्रामीण लगातार युवक को नीचे उतरने की समझाइश देते रहे, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हो रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों और ग्रामीणों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही और हर कोई युवक को सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश में जुटा रहा।
हाई टेंशन टॉवर में बिजली प्रवाहित होने के कारण स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई थी। पुलिस ने लोगों को टॉवर के पास जाने से भी रोका और सावधानी बरतने की अपील की। काफी मशक्कत के बाद युवक को समझाने का प्रयास लगातार जारी रहा।
फिलहाल युवक के टॉवर पर चढ़ने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Live Cricket Info







