CG — यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, गौवंश संरक्षण समेत कई मांगें रखीं


छत्तीसगढ़:— यादव समाज छत्तीसगढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर समाज और गौवंश संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में गौवंश की स्थिति में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रदेश में चारागाह भूमि लगातार कम होती जा रही है। कृषि के आधुनिकीकरण के कारण किसान पहले की तरह पैरा (धान का भूसा) एकत्र नहीं कर पा रहे हैं, जिससे पशुओं के लिए चारे की समस्या बढ़ गई है। इसके कारण गौवंश का पालन-पोषण कठिन हो गया है और बड़ी संख्या में गौवंश सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं। रोजाना कई गौवंश सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
यादव समाज ने मांग की कि चारागाह भूमि को आरक्षित किया जाए, गौपालकों और चरवाहों को कंपोस्ट खाद बनाने का प्रशिक्षण दिया जाए तथा पशु सेवकों और चरवाहों को प्रति माह 15 हजार रुपये मानदेय दिया जाए। इसके अलावा गौवंश पालन के लिए शेड निर्माण की अनुदान राशि बढ़ाने, आवारा गौवंश के गले में शासन की ओर से रेडियम पट्टी लगाने, गौवंश की अवैध तस्करी पर सख्त निगरानी रखने और पशुपालन के लिए बिना गारंटी 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने यादव समाज को छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग में उपाध्यक्ष पद पर प्रतिनिधित्व देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष परमानंद यादव, प्रदेश महासचिव नरोत्तम यदु, देशहा यादव समाज के प्रदेशाध्यक्ष शोभाराम यादव, उपाध्यक्ष नवीन यदु, सूरज यादव, ललित यादव, रमाकांत यादव, विश्वराज यादव सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Live Cricket Info







