CG — तलाकुर्रा धान खरीदी केंद्र घोटाले पर कांग्रेस का हल्ला बोल, मरकाटोला में चक्काजाम कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग


कांकेर 13 जुलाई 2026:— जिले के तलाकुर्रा धान खरीदी केंद्र में सामने आए करीब 1 करोड़ 14 लाख 47 हजार रुपये के धान घोटाले को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन तेज कर दिया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मरकाटोला में चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मामले के असली दोषियों को बचाया जा रहा है और केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में तलाकुर्रा धान खरीदी केंद्र में 41,223 क्विंटल धान खरीदा गया था। इसमें से 37,396 क्विंटल धान का परिवहन हो चुका था। रिकॉर्ड के अनुसार 7 जुलाई तक केंद्र में 3,827 क्विंटल धान बचा होना चाहिए था, लेकिन जब अधिकारियों ने मौके पर जांच की तो वहां केवल 314 क्विंटल धान मिला। इस तरह 3,682 क्विंटल धान की कमी सामने आई, जिससे बड़े पैमाने पर अनियमितता की पुष्टि हुई।
कांग्रेस का कहना है कि मामला सामने आने के बाद भी कई दिनों तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पार्टी द्वारा चक्काजाम की घोषणा किए जाने के बाद प्रशासन ने देर रात तीन कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इनमें खरीदी प्रभारी देवानंद जैन, कंप्यूटर ऑपरेटर सना अली और चौकीदार भूपेंद्र सलाम शामिल हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के आंदोलन के दबाव में प्रशासन ने एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन घोटाले के मुख्य जिम्मेदार लोगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि जिले के करीब 200 धान खरीदी केंद्रों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई और अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि धान खरीदी से जुड़े मामलों में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, लेकिन कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित है। उन्होंने कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करेगी।
Live Cricket Info







