कन्या आश्रम हल्बा की छात्राओं के बीच सादगी से मनाया जन्मदिवस, विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने बांटी खुशियां


चारामा 9 जुलाई 2026:— भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने गुरुवार को अपना जन्मदिवस शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम, हल्बा में अध्ययनरत छात्राओं के बीच सादगीपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में मनाया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ केक काटकर जन्मदिवस की खुशियां साझा कीं तथा उन्हें टॉफी, बिस्किट और ब्लैंकेट वितरित किए।
छात्राओं को संबोधित करते हुए विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज का सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां देश और समाज का भविष्य हैं। यदि वे शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनेंगी, तो अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
विधायक ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और उन्हें कड़ी मेहनत के बल पर साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए जन्मदिवस का सबसे बड़ा उपहार बच्चों के चेहरों की मुस्कान है। जरूरतमंद और वंचित वर्ग के बीच खुशियां बांटना ही जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक दायित्व है।
इस दौरान विधायक ने आश्रम की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवास और दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम प्रबंधन से छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में आश्रम परिवार, जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने विधायक सावित्री मनोज मंडावी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत हल्बा की सरपंच सुशीला तारम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा के अध्यक्ष हिरवेन्द्र साहू, युवक कांग्रेस कांकेर के कार्यकारी जिलाध्यक्ष महेन्द्र नायक, कांग्रेस मंडल हाराडुला के अध्यक्ष राजेन्द्र सलाम, प्राचार्य अमित सक्सेना, दिनेश शोरी, कांशीराम जैन, सीएसी महेश जैन, सुधांशु पांडे, विकास मंडावी, सुरेन्द्र सावधानी, विशाल शिवनानी, रवि मंगतानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।यदि
Live Cricket Info







