नारायणपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, 15 किलो का आईईडी और भारी मात्रा में हथियार बरामद, नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम


नारायणपुर 9 जुलाई 2026:— जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया। संयुक्त अभियान के दौरान 15 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी (बम) और भारी मात्रा में देशी हथियार व विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। बम को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 53वीं वाहिनी आईटीबीपी और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर 7 जुलाई को अड़िंगपार कैंप से ग्राम एडसमेटा और आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट आजाद सिंह ने किया। टीम में आईटीबीपी के जवान, छत्तीसगढ़ पुलिस का एक जवान और बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) शामिल था।
सर्चिंग के दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखा गया 15 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी मिला। खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने पूरी सावधानी के साथ नियंत्रित विस्फोट कर बम को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक देशी रॉकेट लॉन्चर, 16 देशी मोर्टार बम, 5 देशी रॉकेट लॉन्चर राउंड, 10 बीजीएल राउंड, .303 राइफल के 8 कारतूस और 4 सामरिक पाउच भी बरामद किए।
इस सफल कार्रवाई से नक्सलियों की सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की बड़ी योजना विफल हो गई। अभियान पूरा करने के बाद सभी जवान सुरक्षित अपने कैंप लौट आए। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और तेज कर दिया है।
Live Cricket Info







