CG — मनरेगा में फर्जीवाड़े का आरोप: मजदूरों की जगह चली जेसीबी, पंचों के नाम पर निकला भुगतान
10 लाख के तालाब गहरीकरण कार्य में अनियमितता की शिकायत, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की


कांकेर/चारामा 11 जून 2026:— कांकेर जिले के चारामा विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोटीटोला के आश्रित ग्राम चंदेली में मनरेगा कार्यों में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि लगभग 10 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत तालाब गहरीकरण कार्य में मजदूरों के बजाय जेसीबी मशीन से काम कराया गया, जबकि मजदूरों के नाम पर मस्टररोल भरकर भुगतान निकाल लिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ पंचों के बैंक खातों में भी 12-12 हजार रुपये की राशि जमा हुई है, जबकि उन्होंने कार्यस्थल पर एक दिन भी मजदूरी नहीं की। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनके जॉब कार्ड में भी किसी प्रकार की मजदूरी दर्ज नहीं है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सरपंच श्यामा जुर्री ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी भुगतान की जानकारी नहीं है। यदि फर्जी तरीके से राशि आहरित की गई है तो उसकी वसूली की जानी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने मामले की जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही है। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। देखना होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।
Live Cricket Info







