देशी मशरूम की सब्जी खाना पड़ा भारी, एक ही परिवार के 8 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार, 5 की हालत बिगड़ी


कोण्डागांव। जिले के पलारी गांव में रविवार को देशी मशरूम (फूटू) की सब्जी खाने से एक ही परिवार के आठ लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। दोपहर करीब दो बजे के बाद सभी को अचानक पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। परिजन तत्काल सभी को निजी वाहन से जिला अस्पताल कोण्डागांव लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया। प्रभावितों में दो बच्चे, तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी पीड़ित देवांगन परिवार के सदस्य हैं। परिवार ने घर पर फूटू (देशी मशरूम) की सब्जी बनाकर खाई थी। कुछ घंटों बाद एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। जिला अस्पताल में जांच के बाद गंभीर हालत वाले पांच मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, जबकि अन्य तीन को प्राथमिक उपचार एवं निगरानी के बाद घर भेज दिया गया।
जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. ईशा दुग्गड़ ने बताया कि सभी मरीजों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण पाए गए। समय पर अस्पताल पहुंचने से सभी की स्थिति नियंत्रण में है और भर्ती मरीजों का उपचार जारी है।
डॉ. दुग्गड़ ने बताया कि प्रभावित परिवार ने यही फूटू की सब्जी अपने पड़ोसियों को भी खाने के लिए दी थी। इसके बाद पड़ोसी परिवार के कुछ सदस्य भी फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए और उन्हें भी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में सभी मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है।
Live Cricket Info







