CG.. ब्रेकिंग..VIDEO : रात को हुई तेज बारिश से सोंढूर और बाघ नदी उफान पर, रिसगांव क्षेत्र के ग्रामीणों का मुख्यालय से टूटा संपर्क, बोले बरसों बाद भी…


धमतरी,12 जून 2026।धमतरी जिले के नगरी वनांचल क्षेत्र में लगातार हुई तेज बारिश ने एक बार फिर ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रातभर हुई झमाझम बारिश के बाद सोन्ढूर और बाघ नदी उफान पर हैं, जिससे टाइगर रिजर्व के रिसगांव क्षेत्र सहित कई दूरस्थ गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से पूरी तरह टूट गया है। नदी में आई करीब चार फीट की बाढ़ के कारण ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।
बताया जा रहा है कि बीते रात को करीब तीन से चार घण्टे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद नगरी वनांचल क्षेत्र की सोन्ढूर और बाघ नदी में अचानक बाढ़ आ गई। नदी का जलस्तर बढ़ने से रिसगांव क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय नगरी और जिला मुख्यालय धमतरी से कट गया है। लिहाजा हालात ऐसे बनते है कि ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर गरियाबंद जिले के देवभोग और झरियाबाहरा मार्ग से होकर आवागमन करना पड़ता जिससे खर्च और समय दोनों ज्यादा लगता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही हर साल यही स्थिति बन जाती है। नदी में पुल नहीं होने के कारण बाढ़ के दौरान गांव पूरी तरह अलग-थलग पड़ जाते हैं। कई वर्षों से पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही अभ्यारण संघर्ष समिति के नेतृत्व में कई गांवों के ग्रामीण अपनी मूलभूत सुविधाओं की मांग लेकर सांकरा में आयोजित सुशासन तिहार में पहुंचे थे। लेकिन वन विभाग के कुछ अधिकारियों के रवैये से नाराज ग्रामीणों ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए बीच में ही वापस लौटने का फैसला लिया था। इस दौरान ग्रामीणों ने संबंधित रेंजर को हटाने की मांग भी उठाई थी।
फिलहाल लगातार बारिश और उफनती नदियों ने एक बार फिर प्रशासनिक तैयारियों और विकास कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग आज भी अधूरी है, जिसका खामियाजा हर बारिश में ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कब तक कोई ठोस कदम उठाता है।
Live Cricket Info







