CG — महिला की निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख रुपये मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार,


कांकेर/बांदे 11 जून 2026 :— महिला की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की मांग करने वाले आरोपी को बांदे पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 5 जून को थाना बांदे में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी महेश कलखांबकर उसे और उसकी बहन को अप्रैल 2026 में गोवा घुमाने ले गया था। इस दौरान उसने महिला के निजी फोटो और वीडियो अपने पास रख लिए थे।
बाद में महिला के किसी अन्य व्यक्ति से विवाह करने की जानकारी मिलने पर आरोपी नाराज हो गया और उसे लगातार परेशान करने लगा। आरोपी महिला के पति और परिजनों को फोन कर गलत बातें कहता था तथा वैवाहिक जीवन में दखल देने की कोशिश कर रहा था।
आरोप है कि आरोपी ने महिला के परिजनों के मोबाइल नंबरों पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजे तथा उन्हें सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख रुपये की मांग की। मामले की शिकायत मिलने पर बांदे थाना में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पखांजूर क्षेत्र के एक होटल में ठहरा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 10 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश कलखांबकर उम्र 41 वर्ष निवासी सिंगदेवनगर, सुलगा, थाना काकती, जिला बेलगाम कर्नाटक के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग और ऑनलाइन धमकी जैसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Live Cricket Info







