CG— होली पर कांकेर में सख्ती,,मुखौटों पर बैन, शहर में पुलिस ने निकला फ्लैग मार्च

कांकेर, 02 मार्च 2026:- होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कांकेर पुलिस ने इस बार सख्त कदम उठाए हैं। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार होली के दौरान फेस मास्क मुखौटा की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि या असामाजिक तत्वों द्वारा पहचान छिपाने की कोशिश को रोकने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
होली के मद्देनजर जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज कांकेर पुलिस द्वारा शहर के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों से होते हुए संपन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं दिनेश कुमार सिन्हा तथा प्रशिक्षु आईपीएस प्रतीक दादासाहब बंसोडे के मार्गदर्शन में यह मार्च आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करना और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देना रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंग मचाने, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार बाइक चलाने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च एसपी ऑफिस से शुरू होकर कलेक्टरेट तिराहा, जिला अस्पताल, पुराना बस स्टैंड, ऊपर-नीचे रोड, घड़ी चौक, डीआईजी ऑफिस, संजय नगर, शीतलापारा, श्रीरामनगर, सर्किट हाउस, गोविंदपुर, अर्जुनी, भीरावाही, सेन चौक, पंडरीपानी, बरदेभाठा, ज्ञानी ढाबा चौक होते हुए पुनः एसपी ऑफिस पहुंचकर संपन्न हुआ।
होली के दौरान मुखौटा फेस मास्क की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निरंतर पेट्रोलिंग और जागरूकता अभियान जारी रहेगा।
किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना देने के लिए पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर संपर्क करने की अपील की गई है। सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
Live Cricket Info






