धमतरी ब्रेकिंग : मरौद गांव के शीतला मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के आभूषण और नगदी ले उड़े चोर



धमतरी 25 मई 20260:— जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के मरौद गांव में स्थित शीतला मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर को निशाना बनाते हुए माता के छत्र, सोने-चांदी के आभूषण और दान पेटी में रखी नगदी रकम पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार रोज की तरह सुबह ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान मंदिर का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। जब ग्रामीणों ने अंदर जाकर देखा तो माता के श्रृंगार में उपयोग होने वाले सोने-चांदी के आभूषण, छत्र और दान पेटी की रकम गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए।
ग्रामीणों का कहना है कि शीतला मंदिर गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं। मंदिर में चोरी की घटना से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि चोरों ने धार्मिक स्थल को निशाना बनाया।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी भी जुटाई जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। वहीं ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
Live Cricket Info







