CG.. मेचका में तेंदुआ : मवेशी का शिकार करते दिखा बड़ा सा खूंखार तेंदुआ, लोगों में दहशत..PHOTO सोशल मिडिया में वायरल,देखें…!!


धमतरी, 15 जून 2026। जिले के सिहावा – नगरी वनांचल क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए दिन तेंदुए द्वारा गाय, बछड़े, बकरियों और मुर्गियों का शिकार किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
इसी बीच तेंदुए की एक ताजा तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल फोटो में एक बड़ा सा तेंदुआ मवेशी का शिकार कर उसे अपना निवाला बनाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर मेचका गांव की है। हालांकि इस संबंध में वन विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गौरतलब है कि नगरी वनांचल क्षेत्र के अधिकांश गांव घने जंगलों और पहाड़ियों से लगे हुए हैं, जो तेंदुए और भालू जैसे वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास माने जाते हैं। भोजन और पानी की तलाश में ये वन्यप्राणी अक्सर शाम ढलते ही गांवों की ओर रुख कर लेते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के कोरमुड़ गांव में शौच के लिए पहाड़ी की ओर गए एक ग्रामीण पर तेंदुए ने हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।इससे पहले भी क्षेत्र में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, शाम और रात के समय अकेले जंगल या पहाड़ी क्षेत्रों में नहीं जाने तथा वन्यजीवों की गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।
Live Cricket Info







