CG — कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार



कांकेर 23 मई 2026:— जिले में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आईपीएल क्रिकेट ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर) दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ज्ञानी चौक स्थित माखन भोग होटल के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैचों और ऑनलाइन कैसीनो गेम में हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे प्रशिक्षु आईपीएस के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान अमीन खान, मनीष कावडे, सलमान मेमन और रिजवान फारूकी को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने आईपीएल क्रिकेट और अन्य ऑनलाइन गेम में सट्टा खेलने की बात स्वीकार की।
विवेचना के दौरान राहुल गिडलानी, अमन खटवानी एवं एक विधि से संघर्षरत बालक का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि ये लोग ऑनलाइन सट्टा खेलने-खिलाने के लिए आईडी उपलब्ध कराकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 8 तथा धारा 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमीन खान निवासी श्रीरामनगर कांकेर, मनीष कावडे निवासी शिवनगर, सलमान मेमन निवासी शिवनगर, रिजवान फारूकी निवासी शीतलापारा, राहुल गिडलानी एवं अमन खटवानी निवासी आदर्श नगर कांकेर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी अमन खटवानी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 और 2024 में उसके खिलाफ अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए जा चुके हैं।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी, आरक्षक ईश्वर साहू, रामप्रसाद साहू, शैलेन्द्र चतुर्वेदी सहित साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह श्याम, आरक्षक ज्ञान सिंह ठाकुर एवं प्रणय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा, बेटिंग एवं साइबर माध्यम से संचालित अवैध गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
Live Cricket Info







