CG — पाडेंगा में बुलडोजर कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद, 6 परिवार हुए बेघर, पूर्व विधायक अनूप नाग पाडेंगा पहुंचे, बुलडोजर कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवारों से की मुलाकात


कांकेर 21 अप्रैल। 2026:- कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र के पाडेंगा गांव में हाल ही में प्रशासन की कार्रवाई के बाद विवाद गहराता जा रहा है। यहां बाढ़ प्रभावित 6 परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर कर दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ गई है।
घटना के विरोध में ग्रामीण लगातार बैठकें कर रहे हैं। बीते दिन हुई बैठक में यह फैसला लिया गया कि शुक्रवार को पखांजूर में एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस बीच अंतागढ़ के पूर्व विधायक अनूप नाग पाडेंगा के नयापारा पहुंचे और प्रभावित 6 परिवारों को राशन सामग्री वितरित की। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अनूप नाग ने राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी है, तब से गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने प्रशासन को संवेदनहीन बताते हुए आरोप लगाया कि यह कार्रवाई किसी दबाव में आकर की गई है।
उन्होंने कहा कि पहले प्रशासन ने ही इन परिवारों को जमीन और मदद देकर मकान बनवाए थे, लेकिन अब उन्हीं मकानों को तोड़ दिया गया, जो चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तुरंत प्रभावित परिवारों को राहत दे, क्योंकि तेज गर्मी में छोटे-छोटे बच्चे खाने और रहने के लिए परेशान हो रहे हैं।
पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि वे इस मामले में स्थानीय एसडीएम और जिला प्रशासन से चर्चा कर जल्द समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।
Live Cricket Info







