CG : वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रस्मों के बीच विवाह बंधन में बंधे 38 जोड़े, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के साक्षी बने सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित और सैकड़ों लोग..!!


धमतरी,9 मई 2026। धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र में शुक्रवार को सामाजिक समरसता, पारंपरिक संस्कृति और जनकल्याणकारी योजनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 38 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सिहावा क्षेत्र के देउरपारा स्थित कर्णेश्वर मंदिर प्रांगण में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में मंगल गीतों, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच नवदंपत्तियों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान खुशी, उत्साह और आत्मीयता का माहौल बना रहा। जहां मौजूद जनप्रतिनिधि और और अफसर घराती और बाराती बने।
समारोह को संबोधित करते हुए कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनहितकारी योजना है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर बेटियों के विवाह को सरल और सम्मानजनक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत शासन की ओर से 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है, जिसमें 35 हजार रुपये चेक के माध्यम से तथा 15 हजार रुपये अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने लोगों से पात्रता अनुसार योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बड़ी राहत साबित हो रही हैं। लोगों को इस योजना का लाभ लेना चाहिए,38 जोड़ा वर वधु विवाह के बंधन में बंधे जिसका हम सभी लोग साक्षी बने।
वहीं सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम ने सभी नवदंपत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है और सामूहिक विवाह सामाजिक एकता एवं भाईचारे को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि आज 38 जोड़ों को विवाह सूत्र में बंधते देखना सभी के लिए गौरव और खुशी का विषय है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे,इसके अलावा जनपद सदस्य प्रेमलता नागवंशी, चंद्रकला साहू, भुनेश्वरी धृतलहरे, शुभम् यदु, भानेंद्र ठाकुर, पार्षद चेलेश्वरी साहू एवं नगीना सोम ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी सोमेंद्र साहू, विभागीय सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सामूहिक विवाह समारोह ने न केवल सामाजिक सहयोग और सामूहिकता की मिसाल पेश की, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों में विश्वास और उत्साह भी बढ़ाया।
Live Cricket Info







