CG : लौट आया गजराज!.. नगरी रेंज के जंगल में विचरण कर रहा हाथी, सड़क पर करते VIDEO आया सामने,लोगों में दहशत..5 गांवो को किया गया अलर्ट..!!


धमतरी,5 मई 2026।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के जंगलों में एक बार फिर हाथियों की हलचल देखी गई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। हाथी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक विशालकाय हाथी सड़क पार करते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो तेजी से लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है और ग्रामीणों में भय का कारण भी।
जानकारी के अनुसार नगरी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उत्तर तुमबाहरा के घने जंगलों में दो हाथी लगातार विचरण कर रहे हैं। इन हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। विभाग द्वारा आसपास के वनांचल क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान को रोका जा सके।
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने करीब आधा दर्जन गांवों तुमबाहरा, मटिया बाहरा, भैंसामुड़ा, चारगांव और बिलभद में अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों को लगातार मुनादी और अन्य माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है कि वे जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें।
ग्रामीणों के बीच डर का माहौल साफ देखा जा सकता है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं, खासकर शाम और रात के समय। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की तरफ न जाएं, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी तरह की हाथी गतिविधि दिखने पर तुरंत वन अधिकारियों को सूचित करें।
वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए है और उन्हें सुरक्षित दिशा में मोड़ने की कोशिश की जा रही है, ताकि वे आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रहें। साथ ही विभाग द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि ग्रामीणों को समय-समय पर सही जानकारी मिलती रहे और किसी प्रकार की अफवाह न फैले।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है और लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
Live Cricket Info







