CG — अघोषित बिजली कटौती से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आधी रात 200 ग्रामीणों ने घेरा सब-स्टेशन; शिकायत नंबर पर फोन नहीं उठाने का आरोप


कांकेर /चारामा 11 जुलाई 2026:— जिले के चारामा क्षेत्र के कई गांवों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बार-बार आने वाले तकनीकी फॉल्ट से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। शुक्रवार रात अचानक बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद विभिन्न गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्युत विभाग के सब-स्टेशन पहुंच गए और घंटों तक वहीं डटे रहे। इस दौरान विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई और जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग उठी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दरगहन, सिरसिदा, गिरहोला, बारगरी, नयापारा, चारभाटा, जैसाकर्रा सहित आसपास के गांवों के लगभग 150 से 200 ग्रामीण रात करीब 10 बजे सब-स्टेशन पहुंचे। उस समय अधिकांश तकनीकी कर्मचारी फॉल्ट सुधारने के लिए फील्ड में थे, जबकि कार्यालय में केवल कुछ संविदा कर्मचारी मौजूद थे। बाद में जूनियर इंजीनियर भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को स्थिति से अवगत कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिना पूर्व सूचना घंटों बिजली बंद रखी जा रही है। कई बार 12 से 15 घंटे तक आपूर्ति ठप रहती है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि शहरों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था कहीं अधिक खराब है और शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग द्वारा जारी शिकायत नंबर पर बार-बार कॉल करने के बावजूद अधिकांश समय फोन नहीं उठाया जाता। ऐसे में लोगों को यह तक जानकारी नहीं मिल पाती कि बिजली कब तक आएगी या फॉल्ट कहां हुआ है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी और बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग में कर्मचारियों की कमी, ठेका व्यवस्था और समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण छोटी-छोटी तकनीकी खराबियां भी घंटों तक बनी रहती हैं। वहीं विभाग का कहना है कि इस बार बारिश देर से होने के कारण सिंचाई के लिए बोर और पंपों का उपयोग बढ़ गया है, जिससे बिजली तंत्र पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है और फॉल्ट की घटनाएं बढ़ रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया। देर रात फॉल्ट सुधरने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अघोषित बिजली कटौती और अव्यवस्थित व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
Live Cricket Info







