चारामा क्षेत्र में नहीं थम रहा अवैध रेत तस्करी का खेल, कार्रवाई के 24 घंटे बाद ही फिर बेखौफ दौड़े हाइवा

कांकेर 6 अप्रैल 2026। जिले के चारामा ब्लॉक में अवैध रेत तस्करी पर लगाम लगाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। एक ओर जहां खनिज विभाग द्वारा समय-समय पर कार्रवाई किए जाने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। हाल ही में की गई कार्रवाई को लेकर भी अब सवाल खड़े होने लगे हैं, क्योंकि महज 24 घंटे के भीतर ही क्षेत्र में फिर से रेत से भरे हाइवा वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चारामा क्षेत्र में दिन-रात अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का सिलसिला लगातार जारी है। नदी-नालों से बिना अनुमति रेत निकालकर भारी वाहनों के जरिए खुलेआम परिवहन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि विभागीय कार्रवाई के बावजूद तस्करों के हौसले कम होने के बजाय और अधिक बुलंद नजर आ रहे हैं।
वही क्षेत्र के ग्रामीणों का आरोप है कि यदि सख्ती से निगरानी और निरंतर कार्रवाई की जाती, तो इस तरह खुलेआम तस्करी संभव नहीं होती। वहीं, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि नाकों पर टीम की मौजूदगी के बावजूद रेत से भरे वाहन आसानी से पार हो रहे हैं, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में दिन के मुकाबले रात में रेत तस्करी ज्यादा बढ़ जाती है। चैन माउंटेन मशीनों के जरिए तेजी से उत्खनन किया जा रहा है, जबकि कुछ दिन पहले मजदूर संघ द्वारा मशीनों पर रोक लगाकर मजदूरों से रेत भरवाने की मांग भी की गई थी, जिसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला। तेज रफ्तार से दौड़ रहे रेत से भरे हाइवा वाहन सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए ठोस और प्रभावी कार्रवाई करता है या फिर अवैध रेत तस्करी का यह खेल इसी तरह चलता रहेगा।
Live Cricket Info






