CG— चारामा में अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, ढाबा के पीछे तस्करी, 12 पाव देशी शराब जब्त, आरोपी मिथलेश देवांगन गिरफ्तार

कांकेर 28 मार्च 2026:- कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की है। 27 मार्च को थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम शराब रेड के लिए निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिथलेश देवांगन नाम का व्यक्ति अपने ढाबे के समीप अवैध रूप से शराब बेच रहा है।
सूचना की पुष्टि करने के लिए पुलिस गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आरोपी मिथलेश देवांगन के पास एक थैले में 12 पाव देशी प्लेन शराब मिली, जिस पर “देशी प्लेन मदिरा” लिखा हुआ था। पूछताछ में आरोपी के पास शराब रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर पंचनामा तैयार किया और आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 2.160 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत लगभग 960 रुपये है। साथ ही बिक्री से प्राप्त 200 रुपये भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, बड़ा सवाल यह उठता है कि आरोपी के पास इतनी मात्रा में शराब कहां से आई। यह पहला मामला नहीं है, जब चारामा में अवैध शराब का कारोबार सामने आया हो। लगातार कार्रवाई के बावजूद भी क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा जारी है।
Live Cricket Info






