कांकेर ब्रेकिंग,,जंगली भालू का शिकार कर खाल की तस्करी करने वाले 11 आरोपी गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर

कांकेर, 12 मार्च 2026:- कांकेर जिले के गोण्डाहूर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जंगली भालू का शिकार कर उसकी खाल की तस्करी करने वाले आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से जंगली भालू की खाल सहित शिकार में इस्तेमाल किए गए सामान बरामद किए हैं।
पुलिस को 11 मार्च को बीट भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से जंगली भालू का शिकार कर उसकी खाल बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देश पर टीम बनाकर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने ग्राम कुरूशबोडी में आरोपी रामसू मंडावी के खेत में बने लाड़ी में दबिश दी, जहां से एक जंगली भालू की सूखी खाल बरामद की गई। पूछताछ में अन्य आरोपियों की भी संलिप्तता सामने आई।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने ढोरकट्टा और हलांजूर के बीच जंगल में जाल लगाकर भालू का शिकार किया था। इसके बाद भालू को खेत में लाकर काटा गया, मांस पकाकर खाया गया और खाल को सुखाकर बेचने के लिए रखा गया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 1 लाख रुपये कीमत की भालू की खाल, एक मोटरसाइकिल, 5 जाल, एक छुरी और एक कुल्हाड़ी बरामद की है। घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी, राख, कोयला और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 51 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कांकेर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें, ताकि अपराध पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Live Cricket Info






