CG — शिक्षा के मंदिर में चोरी, फरार सभी आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, ग्राम में हुई कई चोरियों का भी हुआ खुलासा

कांकेर 28 फरवरी 2026:- कांकेर जिले के दुधावा चौकी पुलिस ने ग्राम सारवंडी के हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई साउंड सिस्टम चोरी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बताते चले कि मामला 10 और 11 नवंबर 2025 की दरम्यानी रात का है, जब अज्ञात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर अंदर रखा साउंड सिस्टम पार कर दिया था। चोरी हुए सामान में 1 एम्पलीफायर, 2 यूनिट, 2 हैंड माइक, 1 इको सिस्टम, 1 पेंचिंग मशीन, 1 टेस्टर और 1 वायर बंडल शामिल थे। इनकी कुल कीमत करीब 17 हजार रुपये बताई गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान अर्जुन मानिकपुरी उम्र 18 वर्ष और पांच नाबालिक बालकों ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसने पहले अंगारमोती मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी से पैसे चोरी किए थे। इसके अलावा गांव में किसानों के कोठार से धान चोरी कर बेचने और पैसे आपस में बांटने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन और साइबर टीम की मदद से 28 फरवरी 2026 को उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया साउंड सिस्टम जिसकी कीमत 17 हजार रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG BU 9490 कीमत लगभग 1 लाख रुपये जब्त की है। कुल बरामद संपत्ति की कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Live Cricket Info






