CG—अवैध रेत खनन के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध, आंदोलन की चेतावनी

कांकेर 9 फरवरी 2026:- कांकेर जिले के ग्राम टंहाकापार में महानदी तट पर चल रहे अवैध रेत खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। गांव के लोगों ने बताया कि यहां लंबे समय से बिना किसी अनुमति के रेत निकाली जा रही है, जिससे गांव में लगातार तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रेत खदान का संचालन अंकित जैन नाम का व्यक्ति कर रहा है, जो खुद को भाजपा नेता बताकर दबाव बनाता है। गांव वालों ने यह भी बताया कि मना करने पर वह जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता है, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, खदान क्षेत्र में रहने के लिए एक अस्थायी ढांचा बनाया गया है, जहां बिना मीटर लगाए सीधे बिजली कनेक्शन लेकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा है। इसे लेकर भी गांव में भारी आक्रोश है।
ग्रामीण गोविंद पटेल ने बताया कि अवैध रेत खनन बंद करने की मांग करने पर अंकित जैन द्वारा बदसलूकी की जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रेत खनन नहीं रोका गया, तो गांव के लोग जोरदार विरोध और आंदोलन करेंगे।
वहीं, ग्राम सरपंच करुणा कश्यप ने मीडिया को बताया कि ग्राम टंहाकापार में लगातार अवैध रेत खनन हो रहा है और इसे कराने वाला व्यक्ति अंकित जैन है, जो खुद को भाजपा नेता बताता है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अवैध रेत खनन और अवैध बिजली कनेक्शन पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चक्का जाम और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Live Cricket Info









