CG — कोकपुर में NSS कैंप के दौरान साइबर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी

कांकेर, 14 फरवरी 2026 :- कांकेर पुलिस की साइबर सेल द्वारा ग्राम कोकपुर में लगे NSS कैंप के दौरान साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम भानुप्रतापदेव महाविद्यालय के NSS छात्रों के कैंप में आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन तथा एएसपी भानुप्रतापपुर आकाश श्रीमाल और एएसपी दिनेश सिन्हा के मार्गदर्शन में साइबर सेल टीम ने यह कार्यक्रम किया। निरीक्षक यशवंत श्याम और उनकी टीम ने छात्रों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के तरीके समझाए।
कार्यक्रम में बताया गया कि आजकल ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लॉटरी और जॉब ऑफर, यूपीआई फ्रॉड जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। छात्रों को समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना बैंक डिटेल, पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
साइबर सेल टीम ने यह भी बताया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें और नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। साथ ही https://cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल अरेस्ट से संबंधित वीडियो दिखाकर लोगों को जागरूक किया गया। सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और अफवाहों से बचने की भी सलाह दी गई।
कांकेर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मजबूत पासवर्ड रखें, संदिग्ध लिंक से दूर रहें और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
Live Cricket Info









