CG—कांकेर जिले के गांव-गांव में पहुंच रहा वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक से दी जा रही जानकारी

कांकेर 8 फरवरी 2026:-;भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा संचालित वित्तीय साक्षरता योजना के तहत समर्पित संस्था द्वारा कांकेर जिले के ग्रामीण इलाकों में लगातार वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पैसों और बैंकिंग से जुड़ी जरूरी जानकारियां सरल और आसान भाषा में देना है, ताकि लोग आर्थिक रूप से जागरूक और सुरक्षित बन सकें।
समर्पित संस्था की टीम प्रचारक वाहन के माध्यम से गांव-गांव पहुंच रही है। जहां नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और बातचीत के जरिए ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि बैंक से जुड़ी सेवाओं का सही तरीके से कैसे उपयोग करें। नाटक के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि थोड़ी-थोड़ी बचत कैसे की जाए, बजट बनाकर खर्च कैसे करें और भविष्य के लिए पैसा कैसे सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम में बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया, बैंक में जमा और निकासी, सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभ, सुरक्षा बीमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा जैसी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही आज के समय में बढ़ रही साइबर ठगी को देखते हुए फ्रॉड कॉल, अनजान नंबरों से आने वाले मैसेज और वीडियो कॉल से बचने के तरीके भी बताए जा रहे हैं। लोगों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से उन्हें बैंकिंग और पैसों से जुड़ी कई जरूरी बातें सीखने को मिल रही हैं। वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम से गांव के लोग जागरूक हो रहे हैं और सुरक्षित तरीके से बैंकिंग सेवाओं का लाभ ले पा रहे हैं।
Live Cricket Info









