Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×
Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

CG— स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस की मंडल स्तरीय बैठक, भानुप्रतापपुर में तीन मंडलों ने उठाई आवाज

भानुप्रतापपुर 20 अगस्त 2026:— कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में स्थानीय समस्याओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लेकर मंडल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक तीन मंडलों संबलपुर, केवटी और कच्चे में आयोजित हुई। इसमें कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग शामिल हुए। बैठक में क्षेत्र की समस्याओं के साथ वर्तमान सरकार की योजनाओं और व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़ रहे बिजली बिल का रहा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस ने कहा कि इस समस्या को लेकर जिले से लेकर बूथ स्तर तक लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 

कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आवेदन पत्र में बिजली उपभोक्ताओं की प्रमुख मांगों को भी सामने रखा गया है। इसमें बिजली की दरों में की गई पांच बार की बढ़ोतरी वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा शुरू करने और स्मार्ट मीटर हटाकर सामान्य या पुराने मीटर लगाए जाने की मांग शामिल है।

इसके अलावा स्मार्ट मीटर के कारण अधिक आ रहे बिजली बिलों की जांच कर अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस करने की मांग भी की गई है। कांग्रेस ने बिजली वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देने और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में नियमित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

बैठक में जिला महामंत्री कांकेर, भानुप्रतापपुर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का सीधा असर आम परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी और घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में यदि उपभोक्ताओं को उनकी खपत से अधिक बिल मिल रहा है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों के बीच पैदा हो रही आशंकाओं को दूर करने के लिए सरकार और बिजली विभाग को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए। साथ ही भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आम लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बैठक में स्थानीय स्तर पर सामने आ रही अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा आने वाले दिनों में इन मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा। 

इस मंडल स्तरीय बैठकों में मौजूद ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें और सुझाव भी रखे। कांग्रेस कमेटी ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल का मुद्दा अब केवल पार्टी का मुद्दा नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं की परेशानी का विषय है, इसलिए इसे व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार गांव-गांव तक पहुंचेगी और संबंधित विभाग एवं सरकार से समाधान की मांग करेगी।

इस दौरान जिला महामंत्री कांग्रेस कमेटी कांकेर, भानुप्रतापपुर ब्लाक कांग्रेस कमेटी संगठन प्रभारी,आदिवासी कांग्रेस के जिला प्रभारी, ठाकुर राम कश्यप, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील बबला पाढी,ब्लाक प्रभारी शेखर यदु, कृष्णा टेकाम जिला महामंत्री कांकेर,संबलपुर मंडल अध्यक्ष चेतन मरकाम, केवटी मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुंजाम, अमर सिंह कचलाम कच्चे मंडल अध्यक्ष, समस्त तीनों मंडल के सेक्टर प्रभारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता और विभिन्न प्रकोष्ट के कांग्रेस प्रभारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

इन्हें भी पढ़े 😊

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.