11 बछड़ों को पिकअप में ठूंसकर ले जा रहे थे बूचड़खाना, दुधावा पुलिस ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार


कांकेर 19 अगस्त 2026:— कांकेर जिले के दुधावा पुलिस ने गौवंश तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 11 बछड़ों को पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जा रहे थे। पुलिस ने पिकअप वाहन, 11 बछड़े और मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त को भारतमाला रोड दुधावा के रास्ते गौवंशों को ले जाने की सूचना मिली थी। शामतरा के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा पर लोगों ने पिकअप वाहन क्रमांक CG 24 K 6588 को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर तेजी से आगे बढ़ गया।
लोगों ने पीछा किया तो दुधावा के भारतमाला रोड ब्रिज से करीब 300 मीटर आगे निर्माणाधीन सड़क पर चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे के हिस्से में तिरपाल से ढककर 11 छोटे बछड़ों को ठूंसकर रखा गया था। पुलिस के अनुसार बछड़ों के लिए पर्याप्त चारा-पानी की भी व्यवस्था नहीं थी।
मामले में दुधावा चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद झमेश्वर साहू (30), निवासी बोडरा, जिला धमतरी और ताराचंद साहू (26), निवासी दरगहन, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार नेताम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पशु तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Live Cricket Info





