नकटी गांव बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कोयलीबेड़ा कांग्रेस का प्रदर्शन, CM विष्णुदेव साय और विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन


कांकेर/ कोयलीबेड़ा :1 जुलाई 2026:— धरसींवा विधानसभा के नकटी गांव में गरीब परिवारों के साथ हुई कार्रवाई के विरोध में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोयलीबेड़ा द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं धरसींवा विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का आरोप है कि नकटी गांव के 86 गरीब परिवारों के घरों को अवैध कब्जा बताकर बुलडोजर चलाया गया, जिससे अनेक परिवार बेघर हो गए। कई लोगों ने जीवनभर की जमा-पूंजी और बैंक से ऋण लेकर अपने आशियाने बनाए थे, जिन्हें एक झटके में ध्वस्त कर दिया गया। आज वे परिवार खुले आसमान के नीचे जीवनयापन करने को मजबूर हैं।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई को गरीब, आदिवासी और कमजोर वर्गों के साथ अन्याय, अमानवीयता और संवेदनहीनता का उदाहरण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। पार्टी ने कहा कि यदि भूमि संबंधी कोई विवाद था तो सरकार को मानवीय और कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए थी, न कि बुलडोजर चलाकर परिवारों को बेघर कर देना चाहिए था।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो तथा प्रभावित सभी परिवारों को तत्काल आवास, उचित मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए।
कांग्रेस ने कहा कि 29 जून का दिन नकटी गांव के इतिहास में “काला दिवस” के रूप में याद रखा जाएगा, क्योंकि इसी दिन दर्जनों गरीब परिवारों के सपने और उनके आशियाने उजाड़ दिए गए। जिस सरकार ने जनता की सुरक्षा और कल्याण का वादा किया था, उसी सरकार के कार्यकाल में गरीबों को सड़क पर आने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह घटना सरकार की संवेदनहीन कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोयलीबेड़ा ने स्पष्ट कहा कि गरीबों के सम्मान, न्याय और अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लगातार लड़ी जाएगी तथा जब तक प्रत्येक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
आज के पुतला दहन कार्यक्रम में रत्तीराम दुग्गा, सरवन यादव, अनिल दर्रो, विनोद उसेंडी, सरवन नेताम, लखेश्वर ध्रुव, पांडे राम सलाम, किनेश कौशल, बिदेसिंह उसेंडी, आलोक नाग, संदीप आचला, वरुण साहू, मनोज सेन, दरबारी राम, गुड्डा पटेल, हेमंत बघेल, गौतम पटेल सहित सैकड़ों कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Live Cricket Info







