CG — कांकेर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, जंगल से 5 किलो का प्रेशर कुकर IED बरामद,सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने विस्फोटक किया निष्क्रिय, नक्सलियों की साजिश नाकाम


कांकेर 21 जुलाई 2026:— कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम ब्रेहबेड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान करीब 5 किलो वजनी एक प्रेशर कुकर IED बरामद किया गया। समय रहते इसे निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को जिला पुलिस बल, बीएसएफ बीडीएस की संयुक्त टीम क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया प्रेशर कुकर IED मिला। इसके बाद बीडीएस टीम ने सावधानीपूर्वक मौके पर ही विस्फोटक को डिफ्यूज कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, डीआईजी दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के द्वितीय कमान अधिकारी सुभाष चंद्र के मार्गदर्शन में चलाया गया।
पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सघन सर्चिंग अभियान जारी रहेगा।
Live Cricket Info







