12वीं के विद्यार्थियों ने तैयार किए 500 से अधिक सीड बॉल, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


चारामा, 21 जुलाई 2026।
पीएम श्री सेजेस उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, चारामा में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के उद्देश्य से कृषि संकाय की कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा सीड बॉल निर्माण गतिविधि का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक 500 से अधिक सीड बॉल तैयार कर वर्षा ऋतु में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य सी.एस. यादव ने विद्यार्थियों एवं कक्षा शिक्षिका प्रिया सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं। उन्होंने ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने पर जोर दिया।
कक्षा शिक्षिका प्रिया सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों को सीड बॉल बनाने की विधि, उनके उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक सीड बॉल का उपयोग कर हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
व्याख्याता दाऊ लाल तिवारी ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण व प्रकृति संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान व्याख्याता श्रीमती कांतेश्वरी तेता, भोज कुमार मानकर सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य वर्षा ऋतु में सीड बॉल के माध्यम से अधिक से अधिक हरियाली बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना है।
Live Cricket Info







