उजियारा अभियान के तहत अंतागढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 40 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 10 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त
उजियारा अभियान के तहत अंतागढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 40 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 10 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त


अंतागढ़ 21 जून 2026:— कांकेर जिले के अंतागढ़ पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये से अधिक की शराब और एक कार जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उजियारा अभियान के तहत अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 20 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक चारपहिया वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम कढ़ाई खोदरा में पुलिस ने नाकाबंदी कर सफेद रंग की ऑर्टिगा कार को रोककर जांच की।
जांच के दौरान कार से मध्यप्रदेश निर्मित 40 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक महेश सेन उम्र 28 वर्ष, निवासी सुपेला, भिलाई जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद शराब में कुल 1970 पौव्वे गोवा व्हिस्की शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 65 हजार 950 रुपये बताई गई है। वहीं परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ऑर्टिगा कार की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब को मध्यप्रदेश के अनूपपुर से लेकर आ रहा था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ आबकारी, एनडीपीएस और अन्य आपराधिक मामलों के कई पुराने प्रकरण भी दर्ज हैं।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद यादव, उपनिरीक्षक आलोक सुबोध, सहायक उपनिरीक्षक कन्हैया मरकाम, पीएसआई नकुल पैकरा तथा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Live Cricket Info







