CG:—कांकेर पुलिस के दो जांबाज अधिकारियों को मिला शौर्य चक्र, जिले के लिए गर्व का पल,,


कांकेर 8 जून 2026:— कांकेर पुलिस के लिए यह बेहद गर्व और सम्मान का क्षण है। नक्सल विरोधी अभियानों में अपनी बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय देने वाले कांकेर जिले के दो वीर पुलिस अधिकारी लक्ष्मण केवट और रामेश्वर देशमुख को देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया।
दोनों अधिकारियों ने बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित और अत्यंत संवेदनशील इलाकों में लंबे समय तक सेवाएं दी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण नक्सल विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाई और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलताएं दिलाने में योगदान दिया। कठिन जंगलों, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने साहस और सूझबूझ के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।
शौर्य चक्र देश के प्रमुख वीरता पुरस्कारों में से एक है, जो असाधारण साहस और बहादुरी का परिचय देने वाले सुरक्षा बलों के जवानों और अधिकारियों को प्रदान किया जाता है। लक्ष्मण केवट और रामेश्वर देशमुख को यह सम्मान मिलना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे कांकेर जिले, बस्तर अंचल और छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए भी गौरव की बात है।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे कांकेर जिले और छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि युवा पुलिसकर्मियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
शौर्य चक्र सम्मान मिलने की खबर के बाद पुलिस विभाग और जिले में खुशी का माहौल है। कांकेर पुलिस परिवार ने दोनों वीर अधिकारियों को इस बड़ी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सम्मान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और शांति स्थापित करने के लिए पुलिस बल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
Live Cricket Info







