धमतरी : नगरी में बच्चों की आकर्षक पेंटिंग्स,किसी ने पेड़, पौधे और प्रकृति के सुंदर चित्र उकेर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,तो किसी ने स्वच्छता अभियान को लेकर किया जागरूक…


धमतरी/नगरी,15 मई 2026। धमतरी जिले के नगरी की रंग-बिरंगी दीवारों पर बच्चों की कल्पनाओं ने ऐसा जादू बिखेरा कि हर कोई उनकी प्रतिभा का कायल हो गया। नगर पंचायत नगरी द्वारा आयोजित भव्य वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, देशभक्ति और यातायात जागरूकता जैसे सामाजिक संदेशों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
नगर पंचायत नगरी क्षेत्र में बच्चों की छुपी हुई कलात्मक प्रतिभा को मंच देने और उनकी रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पहली कक्षा से लेकर 12वीं तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नगर की दीवारें रंगों, कल्पनाओं और प्रेरणादायी संदेशों से जीवंत हो उठीं,किसी बच्चे ने हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पेड़-पौधों एवं प्रकृति के सुंदर चित्र उकेरे, तो किसी ने स्वच्छ भारत अभियान को केंद्र में रखकर कचरे को डस्टबिन में डालने और शौचालय उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया। कई प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की आकर्षक छवि बनाकर देशभक्ति की भावना को दर्शाया, वहीं यातायात नियमों पर आधारित चित्रों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।
नन्हे बच्चों द्वारा बनाई गई बार्बी डॉल, छोटा भीम और अन्य रचनात्मक चित्र प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण बने रहे। प्रतियोगिता देखने पहुंचे नगरवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बच्चों की कल्पनाशीलता, रंगों के संयोजन और कला कौशल की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पार्षद चेलेश्वरी साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत वर्मा, उप अभियंता प्रमेश ध्रुव, स्वच्छता निरीक्षक दुर्गेश साहू, गणेश राम पांडे एवं पुष्कर पाटील विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कु. कोनिका साहू एवं किरण साहू (डोंगरडुला), द्वितीय स्थान कु. भूमिका साहू (नगरी) तथा तृतीय स्थान कु. मोक्षा साहू (नगरी) ने प्राप्त किया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया,नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नगर पंचायत द्वारा इस प्रकार के रचनात्मक और प्रेरणादायी आयोजनों का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि बच्चों की प्रतिभा निखरकर समाज के सामने आ सके।
उन्होंने बताया कि धमतरी जिले के कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की प्रेरणा और मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायी कदम बताया।
Live Cricket Info







