CG — हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षा परिणाम जारी, कक्षा 10वीं में ईशा दुर्गाशी ने मारी बाजी, टॉप 10 में नाम दर्ज


कांकेर/चारामा, 29 अप्रैल 2026 — माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा के परिणाम आज दोपहर जारी किए गए। कक्षा 10वीं में कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मुड़खुसरा की छात्रा ईशा दुर्गाशी ने टॉप 10 में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।बताया जा रहा है कि ईशा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप 10 की सूची में 8वां स्थान हासिल किया है।
परिणाम घोषित होने के बाद से ही ईशा को बधाइयों का तांता लगा हुआ है। विद्यालय के शिक्षक, परिवारजन और क्षेत्र के लोग लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक सावित्री मंडावी ने भी फोन के माध्यम से उन्हें बधाई दी।
ईशा ने बताया कि टॉप 10 में आना उनका सपना था, जो आज पूरा हो गया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद को दिया। पढ़ाई के बारे में उन्होंने बताया कि वे सुबह कम और रात में तथा विद्यालय में अधिक पढ़ाई करती थीं। उन्हें गणित विषय विशेष रूप से पसंद है, क्योंकि इसमें फार्मूलों के माध्यम से सवालों को आसानी से हल किया जा सकता है। ईशा का लक्ष्य आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनना है। उन्होंने उन छात्रों को भी संदेश दिया जिनके अंक संतोषजनक नहीं आए हैं कि निराश न हों, बल्कि आगे और मेहनत करें।
ईशा के पिता चंद्रशेखर दुर्गाशी कृषक हैं और रामरस मानस परिवार में व्याख्याकार के रूप में भी कार्य करते हैं। वे गांवों में रामायण कार्यक्रम आयोजित कराते हैं। उन्होंने बताया कि ईशा बचपन से ही मेधावी रही है और हमेशा स्कूल में प्रथम आती रही है। आज उसकी इस उपलब्धि से उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है।
वहीं, ईशा की माता शिक्षिका हैं, जो बालोद जिले के गुरूर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भैंसमुंडी के प्राथमिक शाला में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि ईशा को पढ़ाई में कभी संदेह नहीं रहता और वह सभी विषयों को अच्छे से समझती है। शिक्षिका होने के कारण वे उसे सीमित समय ही दे पाती थीं, लेकिन ईशा ने स्वयं की मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। ईशा की इस उपलब्धि से उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
Live Cricket Info







