CG — भीषण गर्मी के चलते छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियां पहले घोषित, 20 अप्रैल से लागू अवकाश*


रायपुर, 16 अप्रैल 2026 — प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथियों में संशोधन करते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले विभागीय आदेश के तहत ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई 2026 से 15 जून 2026 तक निर्धारित किया गया था। लेकिन वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका बढ़ गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने अवकाश की तिथि को पूर्व निर्धारित समय से पहले लागू करने का निर्णय लिया है।
आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों के हित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें तेज गर्मी के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। खासकर छोटे बच्चों के लिए स्कूल आना-जाना इस मौसम में जोखिम भरा हो सकता है, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
हालांकि, विभाग ने यह भी साफ किया है कि यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा। शिक्षकों के लिए पूर्व में जारी निर्देश एवं विभागीय आदेश यथावत प्रभावी रहेंगे और आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पूर्व निर्धारित अनुसार जारी रहेंगे।
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार अवर सचिव द्वारा जारी किया गया है।

Live Cricket Info







