साधु के वेश में पहुंचे ठग, गड़ा सोना और बीमारी ठीक करने का दिया लालच, 5 लाख ठगकर हुए फरार, 6 आरोपी गिरफ्तार


कांकेर, 30 जून 2026:— कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का फायदा उठाकर 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 4 लाख 96 हजार रुपये नकद और एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पीवी-104 दीपनगर निवासी बलराम सरकार के घर एक व्यक्ति साधु का वेश धारण कर पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ पहुंचा। उसने परिवार की बीमारी दूर करने और घर में गड़ा सोना निकालने का झांसा दिया। आरोपी ने पीड़ित को पहले स्वयं सुंदरी भस्म और बाद में नव जीवन अमृत भस्म नाम की महंगी दवा खरीदने के लिए महाराष्ट्र भेजा। इस दौरान पीड़ित से कुल 5 लाख रुपये ठग लिए गए।
आरोपी पूजा-पाठ के नाम पर घर में गड्ढा खोदकर एक कलश से सोने जैसी मूर्तियां निकालने का नाटक भी करते रहे। बाद में जब पीड़ित ने कलश खोला तो उसमें रखी मूर्तियां पीतल की निकलीं। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना बांदे और साइबर सेल की टीम ने तकनीकी जांच और लोकेशन के आधार पर महाराष्ट्र में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ठगी की लगभग पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास, झाड़-फूंक, चमत्कार या घर से सोना निकालने जैसे झांसों में न आएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Live Cricket Info







