CG — अवैध संबंध के शक में खूनी हमला, पत्नी और चाचा ससुर पर टांगी से ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार


कांकेर 20 जून 2026:— कांकेर जिले के सिकसोड़ थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में पत्नी और उसके चाचा पर टांगी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने देर रात अपनी पत्नी और बीच-बचाव करने आए चाचा ससुर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 जून को पीड़िता अपने चाचा के घर ग्राम कस्तूरा पहुंची थी। वहां उसने अपने परिजनों को बताया कि उसका पति सूरज लाल पोटाई उस पर अवैध संबंध होने का शक करता है और आए दिन शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है। परिजनों ने अगले दिन गांव में बैठक कर मामले को सुलझाने की बात कही थी।
इसी दौरान रात करीब 12:15 बजे आरोपी सूरज लाल पोटाई गुस्से में चाचा के घर पहुंच गया। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपनी पत्नी पर जान से मारने की नीयत से घर में रखी लोहे की टांगी से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई। पत्नी को बचाने पहुंचे उसके चाचा पनकूराम उइके पर भी आरोपी ने टांगी से वार कर दिया, जिससे उनकी आंख के नीचे चोट लगी।
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद थाना सिकसोड़ पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी सूरज लाल पोटाई उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम कस्तूरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी बरामद की गई है।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए जिला पुलिस द्वारा अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित किया जा रहा है, जहां सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
Live Cricket Info







