बोर्ड परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर, 29 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे जारी होंगे हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के परिणाम


रायपुर 28 अप्रैल 2026:— छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम 29 अप्रैल (बुधवार) को दोपहर 2:30 बजे घोषित किए जाएंगे। इसको लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्साह के साथ-साथ हल्की चिंता भी देखी जा रही है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम कल तय समय पर औपचारिक रूप से जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह दिन छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, क्योंकि इसमें उनकी सालभर की मेहनत का परिणाम सामने आता है।
मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा परिणाम केवल अंकों का आंकलन नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन, और उनके माता-पिता व शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का नतीजा है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे धैर्य बनाए रखें और अपने परिणाम को सकारात्मक सोच के साथ स्वीकार करें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी छात्र का परिणाम उसकी उम्मीद के मुताबिक नहीं आता है, तो उसे निराश होने की जरूरत नहीं है। जीवन में आगे बढ़ने के कई अवसर होते हैं और हर परीक्षा एक नया अनुभव देती है। असफलता भी सफलता की ओर बढ़ने का एक कदम होती है।
मंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर परिणाम एक नई शुरुआत का संकेत देता है। जरूरी है कि छात्र आत्मविश्वास बनाए रखें और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहें। हर विद्यार्थी में आगे बढ़ने और कुछ बड़ा करने की अपार संभावनाएं होती हैं।
अब सभी की नजरें 29 अप्रैल दोपहर 2:30 बजे पर टिकी हैं, जब छत्तीसगढ़ बोर्ड के परिणाम जारी होंगे और लाखों छात्रों के भविष्य की अगली दिशा तय होगी।
Live Cricket Info







