CG — चारामा ब्लॉक में 10 माह से बंद पेंशन, सरपंच संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

कांकेर, 23 मार्च 2026:चारामा ब्लॉक के ग्राम पंचायतों में पिछले 9-10 महीनों से पेंशन योजना बंद होने के कारण हितग्राहियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर सरपंच संघ की मासिक बैठक जनपद पंचायत सभागार में आयोजित की गई, जिसमें कई अहम समस्याओं पर चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन सहित अन्य पेंशन योजनाओं का भुगतान लंबे समय से नहीं हो रहा है, जिससे बुजुर्ग और दिव्यांग लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। सरपंचों ने मांग की कि जल्द से जल्द सभी लंबित पेंशन राशि का भुगतान किया जाए।
इसके अलावा बैठक में महतारी वंदन योजना का पोर्टल बंद होने का मुद्दा भी उठाया गया। सरपंचों ने कहा कि पोर्टल बंद होने से कई महिलाएं योजना का लाभ लेने से वंचित हैं, इसलिए इसे जल्द शुरू किया जाए।
सरपंच संघ ने यह भी आरोप लगाया कि चारामा ब्लॉक के साथ निर्माण कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है, जबकि अन्य ब्लॉकों को पर्याप्त काम मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य योजनाओं जैसे मुर्गी शेड, बकरी शेड, सुअर शेड आदि को फिर से शुरू करने की मांग की।
सरपंच संघ के उपाध्यक्ष जय प्रकाश गावड़े ने कहा कि यदि अप्रैल महीने तक पेंशन का भुगतान शुरू नहीं हुआ, तो सभी सरपंच और हितग्राही ब्लॉक कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने 9 अप्रैल को बड़े विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी।
वहीं मचान्दुर की सरपंच नूतन भोयार ने कहा कि गांवों में कोई विकास कार्य नहीं हो रहा है, जिससे ग्रामीण लगातार सवाल कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।
सरपंच संघ ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत चारामा से मांग की है कि इस समस्या को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
Live Cricket Info






