Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×
Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

CG :- भाजपा सरकार से नाराज़गी के बीच 85 लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ, सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कांकेर 14 मार्च 2026:– नगर चारामा के सांस्कृतिक भवन में आयोजित कांग्रेस पार्टी की मासिक बैठक में बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा से प्रेरित होकर कुल 85 लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा, जिनमें 25 शासकीय सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे से हुई, जहां सामुदायिक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। वहीं कांग्रेस में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का भी फूल-मालाओं और गमछे पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

बैठक में संगठन को मजबूत करने और आने वाले समय में कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। नेताओं ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए संगठन के साथ मिलकर कार्य करने की अपील की।

कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जब से भाजपा सरकार बनी है, तब से जनता को ठगने का काम किया जा रहा है। महिला, किसान और युवा सभी को ठगा गया है और उनकी कई योजनाएं जमीनी स्तर पर असफल साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से लोग त्रस्त हैं और उनमें आक्रोश है। पूरे जिले में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। कांग्रेस घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को समझ रही है और उनके समाधान का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और एलपीजी गैस की किल्लत भी हो रही है, जिसके कारण लोग कांग्रेस पार्टी को स्वीकार कर रहे हैं।

विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि भाजपा के नेता एक ओर नशा मुक्त समाज की बात करते हैं, वहीं उनके ही बड़े नेता अफीम जैसे नशीले पदार्थों का उत्पादन करते हैं। शहरों में शराब की दुकानें खोली जा रही हैं और छत्तीसगढ़ की जनता को ठगने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद को जनता की हितैषी सरकार बताती है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस की नीतियों और कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं।o

कांग्रेस पार्टी के जिला महामंत्री ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि आज बड़ी संख्या में लोग भाजपा के कार्यों से परेशान होकर कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय लोगों को काम मिलता था, लेकिन वर्तमान में भाजपा सरकार किसी भी कार्य को सही ढंग से नहीं कर पा रही है। शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है, मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाया गया है और पंचायतों में भी कामकाज प्रभावित हो रहा है। इन सभी कारणों से लोग परेशान हैं और कांग्रेस की विचारधारा से प्रेरित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों को जल्द ही संगठन में दायित्व भी दिया जाएगा।

सभा के बाद नगर के कोरार चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एलपीजी गैस की कथित कमी और भाजपा नेताओं द्वारा अफीम की खेती किए जाने के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई।

इस कार्यक्रम में विधायक सावित्री मंडावी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव, महामंत्री ठाकुर राम कश्यप, ब्लाक चारामा कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हिरवेंद साहू, नवली मीना मंडावी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

इन्हें भी पढ़े 😊

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.