Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×
Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

CG — कांकेर में विकास की रफ्तार तेज,,उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मावा मोदोल लाइब्रेरी सहित करोड़ों रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया

कांकेर, 19 अप्रैल 2026/ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के प्रभारी तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने आज कांकेर जिले के चारामा में मावा मोदोल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

लोकार्पण के पश्चात उन्होंने लाइब्रेरी का अवलोकन किया और वहां अध्ययनरत युवाओं से संवाद किया। अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें, शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और सफल होकर देश, प्रदेश एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के प्रति सदैव निष्ठावान रहने की प्रेरणा भी दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

43 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी में एक साथ 75 विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत तथा जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। चाहे दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सुविधाएं उपलब्ध कराना हो या प्रदेश में लाइब्रेरी एवं नालंदा परिसरों की स्थापना—विद्यार्थियों को हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कांकेर जिले में भी जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी कड़ी में मावा मोदोल लाइब्रेरी चारामा का शुभारंभ किया गया है, जहां विद्यार्थी शांत एवं अनुकूल वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं एवं उनके अभिभावकों को भी शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि इस लाइब्रेरी की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और वे बेहतर तैयारी कर अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकेंगे।

कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जानकारी दी कि जिले के सभी 11 तहसील मुख्यालयों में मावा मोदोल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जिससे प्रत्येक क्षेत्र के विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि कांकेर जिले में यह छठवीं लाइब्रेरी है। इससे पूर्व कांकेर, भानुप्रतापपुर, कोरर, दुर्गूकोंदल एवं अंतागढ़ में मावा मोदोल निःशुल्क लाइब्रेरी संचालित की जा रही हैं।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री का कांकेर आगमन भी हुआ, जहां उन्होंने जिले को 11 करोड़ 21 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। अपने एक दिवसीय दौरे में उन्होंने चारामा में लाइब्रेरी के अलावा जिला अस्पताल कांकेर में ट्रामा सेंटर ओपीडी, वित्तीय साक्षरता लैब तथा कोया बाना आदिवासी संस्कृति संवर्धन संस्थान का शुभारंभ किया।

मीडिया से चर्चा करते हुए अरुण साव ने कहा कि इन विकास कार्यों से जहां आमजन को लाभ मिलेगा, वहीं आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कांकेर जिलेवासियों को इन सौगातों के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक, नगर पंचायत चारामा के अध्यक्ष भुनेश्वर नाग, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, सीईओ जिला पंचायत हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद, महेश जैन, उमादेवी शर्मा सहित गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

इन्हें भी पढ़े 😊

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.